उत्तर प्रदेश के सभी थानों में स्थापित किये जाएँगे साइबर हेल्पडेस्क | 27 Apr 2022

चर्चा में क्यों? 

26 अप्रैल, 2022 को उत्तर प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि गृह विभाग ने साइबर अपराध की जाँच के लिये एक बड़ी कार्य योजना तैयार की है और सभी थानों में साइबर हेल्पडेस्क स्थापित करने का निर्णय लिया है। 

प्रमुख बिंदु 

  • प्रवक्ता ने यह भी बताया कि लखनऊ में एक डिजिटल फोरेंसिक लैब और हर ज़ोन स्तर पर एक साइबर फोरेंसिक लैब स्थापित की जाएगी। 
  • इसके अतिरिक्त साइबर अपराध मुख्यालय में उच्च गुणवत्ता वाला उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जाएगा। लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिये साइबर अपराध मुख्यालय में कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।  
  • साथ ही हर ज़िले में प्रमाणित अपराध रोकथाम विशेषज्ञ (Certified Crime Prevention Specialists – CCPS) नियुक्त किये जाएंगे।  
  • गौरतलब है कि पिछले पाँच वर्षों में प्रदेश में 18 रेंज-स्तरीय साइबर अपराध पुलिस स्टेशन स्थापित किये गए हैं, वहीं प्रत्येक क्षेत्रीय साइबर अपराध थाने में महिला साइबर अपराध प्रकोष्ठ भी स्थापित किये गए हैं।