चुनाव जीतने वाले 70 प्रत्याशियों में 27 प्रतिशत के खिलाफ आपराधिक मामले | 12 Mar 2022

चर्चा में क्यों?

हाल ही में चुनाव सुधार की वकालत करने वाले समूह एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट में बताया गया है कि 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में विजयी सभी 70 प्रत्याशियों में से 19 (27 प्रतिशत) के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। 

प्रमुख बिंदु 

  • एडीआर ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि उत्तराखंड इलेक्शन वॉच के साथ 2022 में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव जीतने वाले सभी 70 प्रत्याशियों द्वारा स्वघोषित हलफनामे का विश्लेषण किया गया है। विजयी 70 प्रत्याशियों में से 19 (27 प्रतिशत) ने हलफनामे में अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की जानकारी दी है। 
  • वहीं 2017 में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के दौरान किये गए विश्लेषण में 70 विधायकों में से 22 (31 प्रतिशत) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किये थे। 
  • 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा के विजयी 47 प्रत्याशियों में से 8 (17 प्रतिशत) प्रत्याशी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले हैं। 
  • कॉन्ग्रेस के विजयी 19 प्रत्याशियों में से 8 (42) प्रतिशत) ने दिये गए हलफनामे में अपने खिलाफ आपराधिक केसों की जानकारी दी है। 
  • बीएसपी के विजयी दो प्रत्याशियों में से एक (50 प्रतिशत) और दो निर्दलीय जीतने वालों में दोनों ने ही आपराधिक मामले घोषित किये हैं। 
  • एडीआर ने अपने विश्लेषण में पाया कि भाजपा के विजयी 47 में से पाँच (11 प्रतिशत), कॉन्ग्रेस के विजयी 19 में से चार (21 प्रतिशत) तथा दो निर्दलीय में से एक ने अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले घोषित किये हैं। 
  • एडीआर रिपोर्ट के अनुसार विजयी 70 प्रत्याशियों में से 58 (83 प्रतिशत) प्रत्याशी करोड़पति हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में 51(73 प्रतिशत) प्रत्याशी करोड़पति थे। 
  • भाजपा के विजयी 47 प्रत्याशियों में 40 (85 प्रतिशत), कॉन्ग्रेस के विजयी 19 में से 15 (79 प्रतिशत), बसपा के दोनों विजयी प्रत्याशी और निर्दलीय दोनों विजेता में से एक (50 प्रतिशत) ने एक करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति घोषित की है।