मुख्यमंत्री ने नागरिक उड्डयन विभाग के कार्यों की समीक्षा की | 02 Aug 2023

चर्चा में क्यों? 

1 अगस्त, 2023 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में नागरिक उड्डयन विभाग के कार्यों की समीक्षा की और व्यापक जनहित में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।  

प्रमुख बिंदु 

  • समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रयागराज कुंभ से पूर्व प्रयागराज एयरपोर्ट की क्षमता व नागरिक सुविधाओं में विस्तार के साथ ही प्रयागराज एयरपोर्ट की क्षमता को 300 यात्रियों से बढ़ाकर 500 यात्री करने के निर्देश दिए।  
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बेहतर हो, इसके लिये वहाँ पर आर.आर.टी.एस. या लाइट मेट्रो की व्यवस्था की जाए।  
  • उल्लेखनीय है कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में तीन अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट, 17 हवाई पट्टियाँ हैं। जिनमे 08 हवाई पट्टियाँ भारतीय वायु सेना के अंतर्गत हैं।  
  • ज्ञातव्य है कि वर्ष 2016-2017 में उत्तर प्रदेश में माल ढुलाई, जहाँ 5895 मीट्रिक टन थी, वहीं वर्ष 2022-23 में यह बढ़कर 20, 813 मीट्रिक टन हो गई। वर्ष 2016-2017 में प्रदेश में एयर ट्रैफिक जहाँ 46,585 था, वहीं वर्ष 2022-2023 में यह संख्या बढ़कर 82,615 हो गई है। 
  • हवाई उड़ानों के साथ-साथ यात्रियों की संख्या में भी काफी वृद्धि हुई है। वर्ष 2016-2017 में 59.97 लाख यात्रियों ने हवाई यात्रा की है, वहीं 2022-2023 में 96.02 लाख यात्रियों ने हवाई यात्रा का लाभ उठाया है।