मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना | 30 Aug 2022

चर्चा में क्यों?

29 अगस्त, 2022 को राष्ट्रीय खेल दिवस पर पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना’ की शुरुआत की।

प्रमुख बिंदु 

  • मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आठ से 14 वर्ष आयु के खिलाड़ियों को प्रत्येक माह 1500 रुपए की खेल छात्रवृत्ति देने की शुरुआत करते हुए कई अन्य घोषणाएँ भी कीं।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना’से कुल 3900 बालक एवं बालिकाओं को लाभ मिलेगा। इसके बाद 14 से 23 साल के खिलाड़ियों को भी छात्रवृत्ति दी जाएगी। खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में पहले की तरह चार प्रतिशत आरक्षण लागू करने का फिर से प्रयास किया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेल विकास निधि की स्थापना की जाएगी। इसके तहत प्रत्येक ज़िले में आठ-आठ खेल प्रशिक्षकों की नियुक्ति होगी। मलखंब खेल को नीति में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही खेल विभाग में अनुबंध रखे प्रशिक्षकों को भारतीय खेल प्राधिकरण के अनुबंध प्रशिक्षकों के समान मानदेय दिया जाएगा।
  • कार्यक्रम में खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि खिलाड़ियों को मिलने वाली छात्रवृत्ति उनकी प्रतिभा पर निर्भर करेगी। खेल छात्रवृत्ति पेंशन योजना नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिये दी जा रही है।