मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण से उत्कृष्ट शिक्षकों को किया सम्मानित | 14 Feb 2023

चर्चा में क्यों?

13 फरवरी 2023 को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण के तहत राज्य शिक्षा विभाग द्वारा डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बसंतपुर के शहीद विनोद चौबे मेमोरियल ऑडिटोरियम में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

प्रमुख बिंदु 

  • शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण के अंतर्गत राजनांदगाँव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी एवं छुईखदान-गंडई-खैरागढ़ ज़िले के 9 विकासखंड के 30 शिक्षकों का सम्मान किया गया।
  • इसमें ज्ञानदीप पुरस्कार वर्ष 2022 से छुरिया विकासखंड के शिक्षक एलबी पूर्व माध्यमिक शाला बूचाबोटा सुंदरलाल साहू, राजनांदगाँव विकासखंड के शिक्षक एल.बी पूर्व माध्यमिक शाला बधेरा की शिक्षिका मधुलिका विश्वकर्मा एवं खैरागढ़ विकासखंड के शिक्षक एल.बी पूर्व माध्यमिक शाला संडी की शिक्षिका निहारिका झा को श्रीफल, शॉल एवं सम्मान के रूप में 7 हज़ार रुपए प्रति शिक्षक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया है।
  • साथ ही शिक्षादूत पुरस्कार वर्ष 2022 में कुल 27 शिक्षक को सम्मानित करते हुए 5 हज़ार रुपए प्रति शिक्षक तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया, जिसमें 27 शिक्षकों को कुल 1 लाख 35 हज़ार रुपए का भुगतान किया गया है।