उत्तराखंड स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने की कई घोषणाएँ | 10 Nov 2023

चर्चा में क्यों?

9 नवंबर, 2023 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित पुलिस लाइन में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश में नई नीतियों को लागू करने संबंधी कई घोषणाएँ की। 

प्रमुख बिंदु 

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला नीति तैयार हो गई है। जल्द ही इसे लागू किया जाएगा। 
  • उन्होंने जरूरतमंद परिवारों के लिये ‘मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना’ की भी घोषणा करते हुए कहा कि सरकार जरूरतमंद परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिये यह योजना शुरू करेगी। ज़िला स्तर पर इस तरह के आयोजन किये जाएंगे। यह सारी व्यवस्था राज्य सरकार करेगी।
  • मुख्यमंत्री ने बाल श्रम उन्मूलन के लिये सभी विभागों के समन्वय के साथ एक विशिष्ट कार्ययोजना बनाने का एलान किया। देवभूमि के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिये सरकार इस कार्ययोजना पर शीघ्र काम करेगी।  
  • वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को ड्रग फ्री बनाने के लिये नशा मुक्त ग्राम और नशा मुक्त शहर योजना भी शुरू करेंगे। इसके तहत चिह्नित क्षेत्रों को विशेष प्रोत्साहन देंगे। 
  • इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्य की चार विभूतियों माधुरी बड़थ्वाल, बसंती बिष्ट, सच्चिदानंद भारतीय तथा राजेंद्र सिंह बिष्ट को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवा के लिये ‘उत्तराखंड गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया।