मुख्यमंत्री आमंत्रण राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता-2021 का समापन | 28 Dec 2021

चर्चा में क्यों? 

27 दिसंबर, 2021 को मुख्यमंत्री आमंत्रण (बालक एवं बालिका) राज्यस्तरीय प्रतियोगिता-2021 का समापन हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। 

प्रमुख बिंदु 

  • मुख्यमंत्री आमंत्रण (बालक एवं बालिका) राज्यस्तरीय प्रतियोगिता-2021 के फाइनल में पूर्वी सिंहभूम की बालिका वर्ग ने रामगढ़ की बालिका वर्ग को 4-2 से हराया, वहीं बालक वर्ग में भी पूर्वी सिंहभूम की टीम ने राँची की टीम को 3-2 से हराकर ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमाया।
  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्यस्तरीय इस प्रतियोगिता में लगभग डेढ़ लाख बच्चों ने हिस्सा लिया है। राज्य में यह पहला मौका है, जब इतनी बड़ी संख्या में हमारे बच्चे ऐसे खेल आयोजन से जुड़े हैं।
  • झारखंड के कई खिलाड़ियों ने अपने हुनर का लोहा मनवाते हुए देश और दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। यहाँ के कई खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में देश के लिये कप्तानी भी की है। यहां के खिलाड़ियों के हुनर और क्षमता को प्लेटफॉर्म देकर उनका मार्ग प्रशस्त करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। 
  • इस प्रतियोगिता का आयोजन विगत एक माह पूर्व से ही किया गया था। इससे खिलाड़ियों में उत्साह जगा है और कई खिलाड़ी उभर कर सामने भी आए हैं। राज्य में अन्य खेलों के साथ फुटबॉल खेल एवं खिलाड़ियों को बढ़ावा देने हेतु निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
  • इस मौके पर मुख्यमंत्री ने फाइनल मैच के बालक तथा बालिका वर्ग की विनर टीम तथा रनर टीम के प्रतिभागियों को मेडल, नगद पुरस्कार राशि तथा खेल किट इत्यादि देकर सम्मानित किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अपनी महती भूमिका निभाने वाले टेक्निकल सपोर्ट पर्सन को भी सम्मानित किया।