मुख्यमंत्री ने विवाह सम्मेलनों के लिये बढ़ाई सहायता राशि | 06 Mar 2023

चर्चा में क्यों?

4 मार्च, 2023 को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलनों को प्रोत्साहन देने के लिये अनुदान राशि को बढ़ाया है।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बताया कि सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत अब प्रति जोड़ा 25 हज़ार रुपए दिये जाएंगे। इसमें नववधू को 21 हज़ार रुपए और संस्था को 4 हज़ार रुपए का अनुदान मिलेगा। यह राशि 1 अप्रैल, 2023 से संपन्न विवाह सम्मेलनों को देय होगी।
  • विदित है कि वर्तमान में यह राशि क्रमश: 15 हज़ार और 3 हज़ार रुपए अर्थात् कुल 18 हज़ार रुपए दी जा रही है।
  • मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सामूहिक विवाह जैसी सामाजिक गतिविधियों को प्रोत्साहित कर आगे बढ़ाने, दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों को रोकने और अनावश्यक व्यय को कम करने की दिशा में महत्त्वपूर्ण निर्णय लेते हुये बजट 2023-24 में अनुदान राशि बढ़ाने संबंधित घोषणा की गई है।
  • मुख्यमंत्री की ओर से वर्ष 2023-24 में सहायता राशि के रूप में 10 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इससे लगभग 4000 जोड़ों को सामूहिक विवाह अनुदान उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
  • उन्होंने सामूहिक विवाह आयोजन में विभिन्न समाज, जाति एवं धर्म के परिवारों के शामिल होने पर आयोजकों को 10 लाख रुपए की अतिरिक्त सहायता राशि देने पर सहमति दी है। ‘अनेकता में एकता’की भावना को साकार कर कम से कम 25 जोड़ों के विवाह के आयोजन पर यह राशि मिलेगी। इसमें लगभग 20 संस्थाओं को 2 करोड़ रुपए की सहायता राशि दिये जाने का प्रावधान है।