मुख्यमंत्री ने किया राज्य स्तरीय कला महोत्सव का शुभारंभ | 23 May 2023

चर्चा में क्यों?

22 मई, 2023 को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने माणिक्य लाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान तथा भारतीय लोक कला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय लोक कला मंडल परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय कला महोत्सव का परंपरागत नगाड़ा बजाकर शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु 

  • मुख्यमंत्री ने लोक कला मंडल परिसर में लगाई गई जनजाति विद्यार्थियों की कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा जनजाति विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई अलग-अलग शिल्पाकृतियों के साथ पेंटिंग्स के बारे में कलाकारों से जानकारी ली और उन्हें अपने कला कौशल को और अधिक निखारने का आह्वान किया।
  • उल्लेखनीय है कि जनजाति छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ परंपरा, संस्कृति तथा कला कौशल की रचनात्मकता में आगे लाने के उद्देश्य से कला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
  • इस दौरान न सिर्फ विविध रंगारंग गतिविधियाँ आयोजित होंगी बल्कि कला प्रोत्साहन हेतु जनजाति वर्ग के ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा विद्यार्थियों को चित्रकला, माण्डना, हस्तशिल्प कला का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
  • विद्यार्थियों तथा कलाकारों द्वारा तैयार चित्रकला तथा हस्तशिल्प कला की प्रदर्शनी का आयोजन भी होगा। कला महोत्सव का समापन 24 मई को होगा।