मुख्यमंत्री ने किया छठवें आपदा प्रबंधन वैश्विक सम्मेलन का शुभारंभ | 29 Nov 2023

चर्चा में क्यों?

28 नवंबर, 2023 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में स्थित क्लेमेंट टाउन स्थित ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय में छठवें आपदा प्रबंधन वैश्विक सम्मेलन का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुभव पर आधारित पुस्तक ‘रेजिलिएंट इंडिया’ का विमोचन भी किया।
  • 1 दिसंबर, 2023 तक होने वाले इस सम्मेलन में 50 से देशों के प्रतिनिधि, विशेषज्ञ और वैज्ञानिक भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में 60 से अधिक तकनीकी सत्र आयोजित किये जाएंगे।
  • सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व की वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए यह आपदा प्रबंधन वैश्विक सम्मेलन महत्त्वपूर्ण है। इस संबंध में वैश्विक स्तर पर हो रहे अध्ययनों, शोधों एवं अनुभवों को साझा करना भी समय की जरूरत है।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 8 और 9 दिसंबर, 2023 को देहरादून में ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश-विदेश के औद्योगिक समूहों, निवेशकों की ओर से राज्य में निवेश को गति देने के लिये प्रतिभाग किया जाएगा। इस सम्मेलन से ठीक पहले आयोजित आपदा प्रबंधन के वैश्विक सम्मेलन से ‘सुरक्षित निवेश-सुदृढ़ उत्तराखंड’ का संदेश देश-विदेश में जाएगा।
  • उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से समेकित विकास लक्ष्यों के साथ-साथ आपदा प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन जनित चुनौतियों का बेहतर रूप से सामना करने में सहायता मिलेगी।
  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में आपदा प्रबंधन के पाठ्यक्रम शामिल किये जाएंगे और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।
  • उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से उत्तराखंड में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान की स्थापना की जाएगी। इसके लिये भूमि की व्यवस्था राज्य सरकार करेगी। इसके अलावा संस्थान को खोलने के लिये केंद्र सरकार की ओर से जो भी अपेक्षा की जाएगी, राज्य सरकार उसे पूरा करेगी।