मुख्यमंत्री ने 61 पत्रकारों को श्रमवीर सम्मान से किया सम्मानित | 17 Aug 2022

चर्चा में क्यों?

16 अगस्त, 2022 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस के कॉन्क्लेव हॉल में आयोजित श्रमवीर सम्मान 2022-23 समारोह में जांजगीर-चांपा ज़िले के ग्राम पिहरीद में राहुल साहू के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान रिकॉर्ड 109 घंटे जीवंत कवरेज करने वाले 61 पत्रकारों को श्रमवीर सम्मान से सम्मानित किया।

प्रमुख बिंदु 

  • इस कार्यक्रम का आयोजन भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ (प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व वेब मीडिया का राष्ट्रीय संगठन) की छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा किया गया।
  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पत्रकारों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिलाने के लिये जल्द पहल की जाएगी। पत्रकारों की इस मांग का अध्ययन कर शीघ्र उचित निर्णय लिया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र या बजट सत्र में पत्रकार सुरक्षा कानून लाया जाएगा।
  • वर्तमान में मरीज़ों के इलाज के लिये सहायता उपलब्ध कराने हेतु राज्य शासन द्वारा विभिन्न योजनाएँ संचालित की जा रही हैं।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि जांजगीर-चांपा के पिहरीद गाँव में बालक राहुल साहू के बोरवेल में गिरने की घटना के समय शासन-प्रशासन के साथ सभी लोगों (पत्रकार, व्यवसायी, समाजसेवी) ने, जिससे जो बन पड़ा सहायता की। 109 घंटे लंबे समय तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद राहुल का सकुशल लौट आना देश में इकलौता उदाहरण है।
  • इस लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पत्रकारों ने अनेक कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना करते हुए पल-पल की सकारात्मक रिपोर्ट़िग की और पूरे प्रदेश, देश और दुनिया तक सूचना पहुँचाई।