खेलो इंडिया यूथ गेम्स में छत्तीसगढ़ की बड़ी उपलब्धि | 15 Jun 2022

चर्चा में क्यों?

13 जून, 2022 को हरियाणा के पंचकूला में संपन्न हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर 2 स्वर्ण पदक, 3 रजत पदक तथा 6 कांस्य पदक सहित कुल 11 पदक हासिल किये।

प्रमुख बिंदु

  • गौरतलब है कि हरियाणा के पंचकूला में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में छत्तीसगढ़ राज्य से 13 खेलों के 122 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
  • खेलो इंडिया यूथ गेम्स में छत्तीसगढ़ को पहला स्वर्ण पदक वेटलिफ्टिंग में मिला। इनमें ज्ञानेश्वरी यादव ने 164 किलोग्राम वज़न उठाकर अपने पुराने रिकॉर्ड को ब्रेक करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस स्पर्धा में छत्तीसगढ़ के राजा भारती ने कुल 211 किलोग्राम वज़न उठाकर कांस्य पदक जीता है।
  • इसी तरह मलखंब में सरिता पोयाम ने 1 स्वर्ण और एक कांस्य पदक, मोनू नेताम ने 2 रजत पदक तथा बालिका और बालक दल ने 1-1 कांस्य पदक हासिल किया।
  • इसके अलावा गतका में रणवीर ने (व्यक्तिगत) 1 रजत पदक तथा छत्तीसगढ़ राज्य के गतका दल ने 1 कांस्य पदक प्राप्त किया और कलारीपयट्टू में साधिका दुबे ने 1 कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।