छत्तीसगढ़ की अंकिता ने स्वतंत्रता दिवस पर यूरोप की सबसे ऊँची चोटी माउंट एलब्रूस पर फहराया तिरंगा | 18 Aug 2022

चर्चा में क्यों?

15 अगस्त, 2022 को स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के गौरवशाली अवसर पर छत्तीसगढ़ की अंकिता गुप्ता ने यूरोपीय महाद्वीप की सबसे ऊँची चोटी माउंट एलब्रूस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा दिया गया तिरंगा फहराया।

प्रमुख बिंदु 

  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यूरोप जाने से पहले विगत 3 अगस्त को युवा पर्वतारोही अंकिता को अपने निवास में राष्ट्रीय ध्वज भेंट किया था।
  • गौरतलब है कि यूरोपीय महाद्वीप की सबसे ऊँची चोटी माउंट एलब्रूस (पश्चिम) की ऊँचाई 5642 मीटर (18,510 फीट) है, यहाँ का तापमान -25 से -30 डिग्री सेल्सियस तक और हवा की गति 45 से 50 किमी. तक रहती है। इन विषम परिस्थितियों में भी 15 अगस्त की सुबह 5 बजकर 43 मिनट में तिरंगा लहराकर अंकिता ने आज़ादी की 76वीं वर्षगाँठ को और यादगार बना दिया। 
  • चोटी पर पहुँचकर अंकिता ने राज्य सरकार के न्याय एवं सशक्तीकरण के छत्तीसगढ़ मॉडल को प्रदर्शित किया। इसके बाद उन्होंने दूसरे ही दिन 16 अगस्त को यूरोप महाद्वीप में स्थित 5621 मीटर ऊँचे माउंट एलब्रूस (पूर्व) पर्वत पर सुबह 4 बजकर 23 मिनट पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
  • अंकिता गुप्ता मूलत: कवर्धा की रहने वाली हैं। वर्तमान में वह कबीरधाम ज़िले में पुलिस विभाग के अंतर्गत आरक्षक के पद पर कार्य कर रही हैं। छत्तीसगढ़ राज्य सरकार द्वारा अंकिता को यूरोप में पर्वतारोहण में शामिल होने के लिये पाँच लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है।
  • अंकिता गुप्ता ने कहा कि यह सफलता देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व शहीदों को समर्पित है। उन्होंने बताया कि विगत जनवरी माह में -39 डिग्री सेल्सियस पर लेह लद्दाख के यूटी कांगड़ी की 6080 मीटर ऊँची चोटी फतेह की थी। उनका लक्ष्य अब सातों महाद्वीपों की चोटी में तिरंगा फहराकर देश का मान बढ़ाना है।