स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) में उत्कृष्ट कार्यों के लिये छत्तीसगढ़ को मिले 4 राष्ट्रीय पुरस्कार | 23 Sep 2022

चर्चा में क्यों?

हाल ही में छत्तीसगढ़ के स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) ने अपने उत्कृष्ट कार्यों से एक बार फिर पूरे देश में अपना परचम लहराते हुए 4 राष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं।

प्रमुख बिंदु 

  • केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय के स्वच्छ सर्वेक्षण-ग्रामीण में ईस्ट ज़ोन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों में छत्तीसगढ़ को पहला स्थान मिला है। वहीं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ज़िलों में ईस्ट ज़ोन में दुर्ग दूसरे और बालोद तीसरे स्थान पर हैं।
  • ओडीएफ प्लस पर दीवार लेखन प्रतियोगिता में सेंट्रल ज़ोन में छत्तीसगढ़ को तीसरा स्थान मिला है।
  • प्रदेश को इन उपलब्धियों के लिये राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वच्छ भारत दिवस पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 2 अक्टूबर को आयोजित समारोह में पुरस्कृत करेंगी।
  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इन पुरस्कारों के लिये स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की राज्य टीम को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ स्वच्छ भारत मिशन में हर साल अच्छा काम कर रहा है। इन अच्छे कामों की बदौलत प्रदेश को प्रतिवर्ष शीर्ष पुरस्कार प्राप्त हो रहे हैं।
  • उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य की स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) टीम अपने अच्छे कार्यों को आगे भी जारी रखेगी और छत्तीसगढ़ देश के सबसे साफ-सुथरे राज्यों में शुमार रहेगा।