छत्तीसगढ़ आर्थिक सर्वेक्षण वर्ष 2021-22 | 09 Mar 2022

चर्चा में क्यों?

8 मार्च, 2022 को विधानसभा बजट सत्र में छत्तीसगढ़ राज्य का आर्थिक सर्वेक्षण वर्ष 2021-22 पटल पर प्रस्तुत किया गया। 

प्रमुख बिंदु 

  • छत्तीसगढ़ आर्थिक सर्वेक्षण वर्ष 2021-22 के प्रमुख बिंदु इस प्रकार हैं -
    • वर्ष 2021-22 में स्थिर भावों पर सकल राज्य घरेलू उत्पाद बाज़ार मूल्य पर गत वर्ष 2020-21 के 2,49,683 करोड़ रुपए से बढ़कर 2,78,496 करोड़ रुपए होना अनुमानित है, जो कि 11.54 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। 
    • इसमें कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र (कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं वन) में 3.88 प्रतिशत वृद्धि, उद्योग क्षेत्र (निर्माण, विनिर्माण, खनन एवं उत्खनन, विद्युत, गैस तथा जल आपूर्ति) में 15.44 प्रतिशत वृद्धि एवं सेवा क्षेत्र में 8.54 प्रतिशत वृद्धि अनुमानित है।
    • वर्ष 2021-22 में स्थिर भावों पर सकल राज्य घरेलू उत्पाद में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, उद्योग क्षेत्र तथा सेवा क्षेत्र का योगदान क्रमश: 16.73, 50.61 तथा 32.66 प्रतिशत है।
    • वर्ष 2021-22 के अग्रिम अनुमान में प्रचलित भावों पर सकल राज्य घरेलू उत्पाद (बाज़ार मूल्य) पर गत वर्ष 2020-21 के 3,52,161 करोड़ रुपए से बढ़कर 4,00,061 करोड़ रुपए होना संभावित है, जो कि 13.60 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। 
    • इसमें वर्ष 2020-21 में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र में 74,652 करोड़ रुपए से बढ़कर वर्ष 2021-22 में 81,317 करोड़ रुपए, उद्योग क्षेत्र में 1,35,985 करोड़ रुपए से बढ़कर 1,59,473 करोड़ रुपए एवं सेवा क्षेत्र में 1,18,538 करोड़ रुपए से बढ़कर 1,31,920 करोड़ रुपए होना संभावित है, जो कि गत वर्ष की तुलना में प्रतिशत वृद्धि क्रमश: 8.93, 17.27 एवं 11.29 दर्शाता है।
    • राज्य के सकल घरेलू उत्पाद बाज़ार मूल्य त्वरित अनुमान स्थिर भावों (आधार वर्ष 2011-12) के अनुसार गत वर्ष 2019-20 की तुलना में वर्ष 2020-21 में -1.37 प्रतिशत की कमी हुई है। इसमें कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र में 5.48 प्रतिशत, उद्योग क्षेत्र में -3.89 प्रतिशत एवं सेवा क्षेत्र में -0.16 प्रतिशत की कमी हुई है जिसका मुख्य कारण कोविड-19 महामारी एवं लॉकडाउन है।
    • प्रति व्यक्ति आय (निवल राज्य घरेलू उत्पाद) प्रचलित भावों पर वर्ष 2020-21 के त्वरित अनुमान के अनुसार 1,05,778 रुपए से बढ़कर वर्ष 2021-22 में 1,18,401 रुपए होना अनुमानित है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 11.93 प्रतिशत वृद्धि दर्शाता है।