चारधाम यात्रा 2023:  56 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किये दर्शन | 20 Nov 2023

चर्चा में क्यों?

18 नवंबर, 2023 तक चली चारधाम यात्रा में देश दुनिया से आये 56 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया है। यात्रा के इतिहास में चारधाम समेत हेमकुंड साहिब में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड बना है।

प्रमुख बिंदु

  • विदित हो कि 22 अप्रैल से 18 नवंबर तक चली चारधाम यात्रा के लिये लगभग 75 लाख तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया था। इसमें केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में 56.13 लाख से अधिक ने दर्शन किये।
  • यात्रा के इतिहास में पहली बार श्रद्धालुओं का आँकड़ा 55 लाख पार हुआ है। केदारनाथ धाम में सबसे अधिक 19.61 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किये। इसके बाद बदरीनाथ में 18.34 लाख, गंगोत्री में 9.05 लाख, यमुनोत्री में 7.35 लाख और हेमकुंड साहिब में 1.77 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किये।
  • वर्ष 2022 में चारधाम व हेमकुंड साहिब यात्रा में 46.29 लाख श्रद्धालु पहुँचे थे। इससे पहले 2021 और 2020 में कोविड काल में चारधाम यात्रा पूर्ण रूप से संचालित नहीं हो पाई है। 2021 में 5.29 लाख और 2020 में मात्र 3.30 लाख तीर्थयात्री पहुँचे थे। वर्ष 2019 में 34.77 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा में आए थे।