जमरानी परियोजना के लिये केंद्र ने दी निवेश मंज़ूरी | 11 Jun 2022

चर्चा में क्यों? 

10 जून, 2022 को नई दिल्ली में जल संसाधन सचिव की अध्यक्षता में निवेश मंज़ूरी प्रस्तावों पर हुई बैठक में उत्तराखंड की महत्त्वाकांक्षी जमरानी बांध परियोजना को निवेश मंज़ूरी दी गई। 

प्रमुख बिंदु 

  • नीति आयोग और केंद्रीय जल आयोग के अधिकारियों ने इस बैठक में भाग लिया। इसमें पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और मणिपुर की परियोजनाओं के लिये निवेश मंज़ूरी के प्रस्तावों पर विचार किया गया।  
  • बैठक में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 2584.10 करोड़ रुपए की जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना को मंज़ूरी दी गई। मंज़ूरी 90:10 (केंद्र: राज्य) के आधार पर दी गई है।   
  • इस परियोजना का लक्ष्य 63 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन करना है और इससे 57,065 हेक्टेयर भूमि के लिये अतिरिक्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।   
  • यह परियोजना वर्ष 2055 तक हल्द्वानी शहर को 42 एमसीएम पेयजल भी उपलब्ध कराएगी। सरकार ने वर्ष 2027 तक परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा है।  
  • गौरतलब है कि उत्तराखंड राज्य के नैनीताल ज़िले में गोला नदी पर बहुउद्देशीय जमरानी बांध परियोजना का निर्माण प्रस्तावित है। परियोजना के प्रथम चरण में गोला बैराज का निर्माण, 244 किमी. नहर का पुनर्निर्माण और दामुवा एवं अमृतपुरी कॉलोनी का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। दूसरे चरण में मुख्य बांध का निर्माण किया जाएगा।