कवर्धा में सी-मार्ट का शुभारंभ | 07 Apr 2022

चर्चा में क्यों?

6 अप्रैल, 2022 को छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर ने कवर्धा में सी-मार्ट का वर्चुअल शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई जैसे बड़े शहरों की तर्ज़ पर कवर्धा में सी-मार्ट की स्थापना की गई है।
  • उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार महिला समूह द्वारा निर्मित उत्पादों को एक ही छत के नीचे विक्रय करने हेतु एक मंच प्रदान करने व महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से सी-मार्ट की स्थापना कर रही है।
  • कवर्धा ज़िले के महिला समूह अपना सामान विक्रय किये जाने हेतु सी-मार्ट में ला सकते हैं। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (नगर पालिका परिषद, कवर्धा) द्वारा केनरा बैंक कवर्धा के माध्यम से 10 लाख रुपए की ऋण राशि प्रदान की गई है।
  • इस सी-मार्ट का संचालन दीपांजलि महिला स्व-सहायता समूह कवर्धा द्वारा किया जाएगा। सी-मार्ट में दीपांजलि महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित सामग्री व दैनिक उपयोग की सामग्री का विक्रय किया जाएगा।
  • यहाँ महिलाओं द्वारा तैयार की गई बड़ी, बिजौरी, सेवई, आलू चिप्स, मशाला, हल्दी, मिर्ची, गोबर गमला, चावल आटा, दलिया, गेहूँ आटा, पापड़, मुरकु, फिनाइल सहित अन्य सामग्री का विक्रय किया जाएगा।