बुधनी बनेगा देश का पहला वाटर प्लस और अद्भुत शहर | 07 Mar 2022

चर्चा में क्यों?

6 मार्च, 2022 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर ज़िले के बुधनी शहर के गौरव दिवस के अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करते हुए कहा कि बुधनी को देश का पहला वाटर प्लस और अद्भुत शहर बनाया जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर देश का पहला वाटर प्लस महानगर बन चुका है। बुधनी को भी देश के छोटे शहरों की श्रेणी में पहला वाटर प्लस शहर बनाया जाएगा। बुधनी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ यहाँ स्वास्थ्य, पर्यावरण, शिक्षा और रोज़गार के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य किये जाएंगे। 
  • इससे पहले मुख्यमंत्री ने बुधनी में 44 करोड़ 56 लाख रुपए की लागत से बने सीवरेज सिस्टम का लोकार्पण और 59 करोड़ के निर्माण और विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया।
  • उन्होंने बुधनी के जर्रापुर में निजी क्षेत्र की ‘विहान फूड इंडस्ट्री’ का भूमि-पूजन किया। कृषि आधारित इस उद्योग से क्षेत्र के किसानों को बेहतर दाम मिलेंगे और रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे। फूड इंडस्ट्री से 900 लोगों को रोज़गार मिलेगा।
  • मुख्यमंत्री ने नगर के विकास में भागीदार बनने वाले नागरिकों, व्यवसायियों और सामाजिक संगठन के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया, साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं में हितलाभ भी वितरित किये।
  • मुख्यमंत्री ने अगले वर्ष से बुधनी के गौरव दिवस पर 3 दिवसीय कार्यक्रम आयोजित करने, बुधनी के खिलौना व्यवसाय को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने तथा बुधनी में सीएम राइज स्कूल खोलने की घोषणा भी की। 
  • उन्होंने कहा कि एक माह में सभी घरों के निस्तारी पानी को सीवरेज प्लांट से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि खुले में शौच, सड़क पर कचरा फेंकने और पॉलीथिन के उपयोग आदि को छोड़ने का संकल्प लें।