अररिया में बनेगा बिहार का दूसरा चिड़ियाघर | 11 Mar 2023

चर्चा में क्यों?

10 मार्च, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार बिहार के अररिया जिले के रानीगंज प्रखंड में राज्य के दूसरे चिड़ियाघर को बनाने का मास्टर प्लान केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सेंट्रल जू आथॉरिटी) को भेजा जाएगा। इसके लिये पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तैयारी कर रहा हैं।

प्रमुख बिंदु

  • ज्ञातव्य है कि राज्य के दूसरे चिड़ियाघर को बनाने के मास्टर प्लान को अगस्त 2020 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्टेट वाइल्ड लाइफ की बैठक के दौरान अपनी मंज़ूरी दी थी।
  • स्टेट वाइल्ड लाइफ की बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा मंज़ूरी मिलने के बाद यह प्रस्ताव सेंट्रल जू आथॉरिटी को भेजा गया था। इसके बाद से विभाग और सेंट्रल जू आथॉरिटी के बीच लगातार बातचीत जारी है। आथॉरिटी ने प्रस्ताव के बारे में जिन सवालों की जानकारी मांगी थी, उनके जवाब की तैयारी विभाग ने कर ली है।
  • जानकारी के अनुसार अररिया ज़िले के रानीगंज में प्रस्तावित चिड़ियाघर का इलाका करीब 289 एकड़ में फैला हुआ है। यह स्थान नेपाल और पश्चिम बंगाल के नज़दीक है। ऐसे में वहाँ विभिन्न प्रकार के पक्षी आते रहते हैं।
  • प्रस्तावित चिड़ियाघर के इलाके में तालाबों की बहुतायत होने से हर साल के अक्टूबर और मार्च महीने में प्रवासी पक्षी देखे जाते हैं। इस स्थान की आबोहवा शेर, बाघ, तेंदुआ, गैंडा, जिराफ, हिरण सहित अन्य जानवरों के लिये अनुकूल रहने की संभावना है। इस कारण विभाग ने इसे चिड़ियाघर के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है।