पटना के पास ग्लोबल मॉडल एजुकेशन सिटी बनाएगा बिहार | 15 Apr 2026
चर्चा में क्यों?
बिहार सरकार पटना के निकट एक ग्लोबल मॉडल एजुकेशन सिटी स्थापित करने की योजना को आगे बढ़ा रही है, जिसके लिये एक विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) पहले ही तैयार किया जा चुका है, ताकि एक विश्वस्तरीय शैक्षणिक एवं नवाचार केंद्र विकसित किया जा सके।
मुख्य बिंदु:
- परियोजना: प्रस्तावित एजुकेशन सिटी पटना के निकट 250 एकड़ से अधिक भूमि पर विकसित की जाएगी और इसे बिहार में उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है।
- बजट आवंटन: इस परियोजना की प्रारंभिक अनुमानित लागत लगभग ₹547 करोड़ है।
- कैंपस मॉडल: यह एजुकेशन सिटी एक साझा कैंपस प्रणाली पर आधारित होगी, जिससे कई विश्वविद्यालय और महाविद्यालय एक ही एकीकृत परिसर में कार्य कर सकेंगे तथा सामान्य अवसंरचना एवं सुविधाओं का साझा उपयोग कर पाएंगे।
- प्रेरणा: इस परियोजना का डिज़ाइन अंतर्राष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रथाओं के आधार पर विकसित किया जा रहा है, जिसमें जापान और सिंगापुर जैसे देशों के विशेषज्ञों से परामर्श लिया जा रहा है।
- प्रस्तावित सुविधाएँ: परिसर में स्मार्ट कक्षाएँ, डिजिटल पुस्तकालय, उन्नत प्रयोगशालाएँ, अनुसंधान केंद्र, सेमिनार हॉल, छात्रावास, खेल परिसर, ऑडिटोरियम तथा संकाय और कर्मचारियों के लिये आवासीय सुविधाएँ शामिल होंगी।