बिहार विधानपरिषद | 06 Apr 2022

चर्चा में क्यों?

4 अप्रैल, 2022 को बिहार विधानपरिषद की 24 सीटों के चुनाव के लिये मतदान किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • पिछले वर्ष विधानपरिषद के चुनाव स्थगित कर दिये गए थे, क्योंकि ग्रामीण स्थानीय निकाय, जो कुल निर्वाचक मंडल का लगभग 97.56% हिस्सा रखते हैं, को कोविड-19 महामारी के कारण पुनर्गठित नहीं किया जा सका था।
  • गौरतलब है कि बिहार विधानपरिषद में कुल 75 सीट हैं, जिनमें से 63 निर्वाचित सदस्य तथा 12 मनोनीत सदस्य हैं।
  • विधानपरिषद  के एक सदस्य (Member of Legislative Council – MLC) का कार्यकाल छह वर्ष का होता है, जिनमें एक-तिहाई सदस्य हर दो वर्ष में सेवानिवृत्त होते हैं।
  • विधानपरिषद के सदस्यों का निर्वाचन निम्न प्रकार से होता है-
    • एक-तिहाई MLC राज्य के विधायकों द्वारा चुने जाते हैं।
    • इसके अलावा 1/3 सदस्य स्थानीय निकायों, जैसे- नगरपालिका और ज़िला बोर्डों आदि द्वारा चुने जाते हैं।
    • 1/12 सदस्यों का निर्वाचन 3 वर्ष से अध्यापन कर रहे लोग करते हैं।
    • 1/12 सदस्यों का निर्वाचन राज्य में रह रहे 3 वर्ष से स्नातक करते हैं।
    • शेष सदस्यों का नामांकन राज्यपाल द्वारा उन लोगों के बीच से किया जाता है, जिन्हें साहित्य, ज्ञान, कला, सहकारिता आंदोलन और समाज सेवा का विशेष ज्ञान तथा व्यावहारिक अनुभव हो।