बिहार इन्वेस्टर्स मीट-2022 | 30 Sep 2022

चर्चा में क्यों?

29 सितंबर, 2022 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सचिवालय में बिहार इन्वेस्टर्स मीट-2022 (Bihar Investors Meet-2022) का उद्घाटन किया। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद पहली बार इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन किया गया है।

प्रमुख बिंदु 

  • उद्योग विभाग की ओर से मुख्यमंत्री सचिवालय में हो रहे इस आयोजन में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और उद्योग मंत्री समीर कुमार समेत कई उद्योगपति शामिल रहे।
  • इस आयोजन में उद्योगों में निवेश के लिये सरकार की ओर से की जा रही पहल की जानकारी उद्योगपतियों को दी गई।
  • कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उद्योगों को बढ़ावा देने के लिये सभी सुविधाएँ दी जाएंगी। बिहार में आधारभूत संरचनाओं को ठीक किया गया है। सभी चीजों को ध्यान में रखकर नीति बनाई जा रही है। उद्योगों की स्थापना में आने वाली समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाएगा।
  • गौरतलब है कि इसके पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार में उद्योग मंत्री के रूप में शाहनवाज हुसैन ने हैदराबाद व दिल्ली में इन्वेस्टर्स मीट के आयोजन किये थे। कुछ महीने पहले दिल्ली के होटल ताज मानसिंह में आयोजित बिहार इन्वेस्टर्स मीट में 30 बड़ी कंपनियों सहित देशभर की 170 कंपनियाँ शामिल हुईं थीं। अन्य राज्यों में भी ऐसे आयोजन करने का फैसला किया गया था।
  • उल्लेखनीय है कि बिहार तेजी से इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। देश-विदेश के उद्योगपति यहाँ निवेश की संभावनाओं को तलाश रहे हैं। बिहार सरकार नीतिगत सुधारों के साथ निवेश करने वालों को आकर्षक इन्सेंटिव्स भी दे रही है।