बजट खर्च करने के मामले में बिहार 6 अग्रणी राज्यों की सूची में शामिल | 14 Apr 2022

चर्चा में क्यों?

12 अप्रैल, 2022 को बिहार राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष विजेंद्र यादव ने बताया कि सालाना बजट खर्च के मामले में बिहार नया कीर्तिमान बनाते हुए एक वर्ष में 2 लाख करोड़ रुपए खर्च कर 6 अग्रणी राज्यों की सूची में शामिल हो गया है।

प्रमुख बिंदु

  • सालाना बजट खर्च के मामले में बिहार से 5 राज्य आगे हैं। इनमें उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और गुजरात शामिल हैं।
  • गौरतलब है कि ये सभी राज्य पहले से ही विकसित राज्य की श्रेणी में आते हैं, साथ ही इनके पास औद्योगीकरण के साथ-साथ सी-पोर्ट की भी सुविधा है। सी-पोर्ट होने के कारण राज्य में ट्रांसपोर्टेशन आसान हो जाता है।
  • वहीं, झारखंड के अलग होने के बाद से बिहार में भारी उद्योग की काफी कमी आ गई है। अभी तक इस कमी को दूर नहीं किया जा सका है।
  • विजेंद्र यादव ने बताया कि साल 2005 से पहले राज्य सरकार 25 हज़ार करोड़ रुपए भी खर्च नहीं कर पाती थी। आमदनी भी 4 अंकों में ही सीमित थी, जो वर्तमान में 56 हज़ार करोड़ रुपए तक पहुँच गई है।
  • उन्होंने बताया कि राज्य के जीएसटी कलेक्शन में पिछले साल की तुलना में 17% की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा निबंधन कर में 107%, ट्रांसपोर्ट कर और खान व भूतत्त्व कर में भी पिछले साल की तुलना में वृद्धि हुई है।