उत्तर भारत के सबसे बड़े मॉल का उद्घाटन | 11 Jul 2022

चर्चा में क्यों?

10 जुलाई, 2022 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में 2 हज़ार करोड़ रुपए की लागत से बने उत्तर भारत के सबसे बड़े ‘लुलु मॉल’ का उद्घाटन किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस मॉल का निर्माण सुशांत गोल्फ सिटी में शहीद पथ पर करीब 22 लाख वर्गफीट में किया गया है। इसका मुख्य आकर्षण यहाँ बना प्रदेश का सबसे बड़ा हाइपर मार्केट और गेमिंग ज़ोन हैं। इसके अलावा शादियों की खरीदारी के लिये वेडिंग एरीना और मनोरंजन के लिये 11 स्क्रीन का सुपरप्लेक्स भी यहाँ तैयार किया गया है।
  • यहाँ अंतर्राष्ट्रीय मानकों व सुविधाओं के साथ देश-विदेश के ब्रॉण्ड के सामान की खरीदारी की जा सकेगी। मॉल के अंदर 15 रेस्टोरेंट, 25 आउटलेट के साथ 1600 लोगों के बैठने की क्षमता के साथ बना फूड कोर्ट भी है। यहाँ 3,000 वाहनों की पार्क़िग क्षमता है। वहीं 50 हज़ार लोग एक साथ शॉपिंग कर सकते हैं।
  • पर्यटकों को शटल सेवा उपलब्ध कराने पर भी कंपनी विचार कर रही है। यहाँ ग्रॉसरी से लेकर फैशन और इलेक्ट्रॉनिक्स, होम डेकोरेशन का सामान भी उपलब्ध है।
  • यह लुलु समूह का पाँचवा शॉपिंग मॉल है। कंपनी प्रयागराज और वाराणसी में भी नए शॉपिंग मॉल पर काम कर रही है। रिटेल प्रोजेक्ट्स के अलावा लुलु समूह ने फूड प्रोसेसिंग हब की भी घोषणा की है, जो करीब 500 करोड़ रुपए के निवेश के साथ ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन है।