ईट राइट चैलेंज’ प्रतियोगिता में भोपाल को दूसरा और ग्वालियर को पाँचवां स्थान मिला | 09 Jun 2023

चर्चा में क्यों?

7 जून, 2023 को मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ‘ईट राइट चैलेंज’ प्रतियोगिता में खाद्य वातावरण में सुधार और खाद्य सुरक्षा पर समुदायों को शिक्षित करने की रणनीतियाँ लागू करने के प्रयासों के लिये राष्ट्रीय स्तर पर भोपाल को दूसरा और ग्वालियर को पाँचवां स्थान प्राप्त हुआ है।

प्रमुख बिंदु

  • राज्य के सात अन्य ज़िले- उज्जैन, रीवा, इंदौर, सागर, दमोह, जबलपुर और सतना ने भी 75 प्रतिशत से अधिक अंक दर्ज कर विजेता सूची में स्थान प्राप्त किया।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. सत्यपाल सिंह बघेल ने इस अनुकरणीय प्रदर्शन के लिये विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर विज्ञान भवन, नई दिल्ली में मध्य प्रदेश के खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
  • गौरतलब है कि ईट राइट चेलेंज के द्वितीय चरण में 1 मई, 2022 से 15 नवंबर, 2022 तक देश के 260 ज़िलों का खाद्य सुरक्षा के 6 विभिन्न मापदंडों पर मूल्यांकन किया गया था, जिनमें से 31 ज़िलों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किये थे।