15 नवंबर को राँची स्मार्ट सिटी परिसर में अपोलो मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का होगा भूमि पूजन | 20 Oct 2023

चर्चा में क्यों?

19 अक्तूबर, 2023 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राँची स्मार्ट सिटी परिसर में 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर अपोलो मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का भूमि पूजन करने का निर्देश दिया है।

प्रमुख बिंदु

  • राँची स्मार्ट सिटी के एरिया बेस्ड डेवलपमेंट क्षेत्र में अपोलो अस्पताल के निर्माण के लिये राँची नगर निगम और अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज लिमिटेड, चेन्नई के बीच सब लीज डीड पर हस्ताक्षर हुआ है।
  • अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज लिमिटेड के साथ यह समझौता विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
  • अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि जल्द ही 250 बेड के अस्पताल निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। पहले चरण में यहाँ ओपीडी की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्थानीय लोगों को रोज़गार उपलब्ध कराया जाएगा। विभिन्न विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी।
  • अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज के द्वारा राँची स्मार्ट सिटी परिसर में लगभग 2.75 एकड़ ज़मीन में 250 बेड वाले मल्टी सुपर स्पेलिटी हॉस्पिटल का निर्माण किया जाएगा। यहाँ विशेषरूप से कॉर्डियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक, गायनेकोलॉजी, जनरल सर्जरी, जनरल मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, ईएनटी सेवा प्रदान की जाएगी।
  • इसके अलावा इमरजेंसी सेवा, रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, डाइटरी सर्विसेस की भी व्यवस्था यहाँ होगी। अपोलो हॉस्पिटल के द्वारा 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी। हॉस्पिटल के अंदर पार्किंग, फार्मेसी, एटीएम, कैंटीन इत्यादि की व्यवस्था भी रहेगी।
  • राँची स्मार्ट सिटी परिसर में कई इंस्टीट्यूशंस, स्कूल, कॉलेज, पाँच सितारा समेत कई होटल, मॉल, ऑफिस तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा यहाँ लगभग 16 हज़ार आवासीय इकाई होंगी और अनुमानित है कि लगभग डेढ़ लाख की जनसंख्या इस विकसित क्षेत्र में निवास करेगी, जो इस परियोजना से सीधे रूप से लाभान्वित होगी।