बी.टेक. की पढ़ाई हिन्दी भाषा में | 25 Oct 2021

चर्चा में क्यों?

23 अक्तूबर, 2021 को अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद, नई दिल्ली ने शैक्षिक वर्ष 2021-22 से बी.टेक. की पढ़ाई हिन्दी भाषा में करवाने के लिये हरियाणा के तीन तकनीकी विश्वविद्यालयों को मान्यता प्रदान की है।

प्रमुख बिंदु

  • हरियाणा के जिन तीन तकनीकी विश्वविद्यालयों को मान्यता मिली है, उनमें गुरु जंभेश्वर विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (हिसार), दीनबंधु छोटूराम विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (मुरथल) तथा जगदीश चंद्र बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय  (फरीदाबाद) शामिल हैं।
  • गुरु जंभेश्वर विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार को संगणक विज्ञान अभियांत्रिकी (कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग), सूचना प्रौद्योगिकी (इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी), इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार अभियांत्रिकी (इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग), यांत्रिक अभियांत्रिकी (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) सहित चार शाखाओं के लिये प्रत्येक शाखा में 30 सीटों की मान्यता दी गई है।
  • दीनबंधु छोटूराम विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल ज़िला सोनीपत को विद्युतीय अभियांत्रिकी (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) एवं यांत्रिक अभियांत्रिकी (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) दो शाखाओं के लिये प्रत्येक शाखा में 30 सीटों की मान्यता दी गई है। 
  • जगदीश चंद्र बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, फरीदाबाद को यांत्रिक अभियांत्रिकी (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) में 30 सीटों की मान्यता दी गई है।