टोक्यो पैरालंपिक खेल में प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के लिये पुरस्कार | 31 Aug 2021

चर्चा में क्यों?

30 अगस्त, 2021 को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पैरालंपिक खेलों में पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके लिये पुरस्कार की घोषणा की है। राज्य सरकार स्वर्ण, रजत तथा कांस्य पदक विजेताओं को क्रमश: तीन, दो तथा एक करोड़ रुपए की राशि देगी।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेता शूटर सुश्री अवनि लाखेरा को 3 करोड़ रुपए, रजत पदक विजेता जेवलिन थ्रोअर देवेंद्र झाझरिया को दो करोड़ रुपए तथा कांस्य पदक विजेता जेवलिन थ्रोअर सुंदर गुर्जर को एक करोड़ रुपए इनामी राशि दी जाएगी।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने जीवटता की मिसाल कायम करते हुए देश-प्रदेश का नाम रोशन किया है। 
    • प्रदेश की अन्य खेल प्रतिभाओं को भी उनकी इस उपलब्धि से राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
  • उल्लेखनीय है कि प्रदेश में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिये मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ओलंपिक खेलों में स्वर्ण, रजत तथा कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली इनामी राशि 75 लाख, 50 लाख तथा 30 लाख रुपए को वर्ष 2020-21 के बजट में बढ़ाकर क्रमश: 3 करोड़ रुपए, 2 करोड़ रुपए तथा 1 करोड़ रुपए करने की घोषणा की थी। 
  • इसी तरह एशियाई एवं राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण, रजत तथा कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली 30 लाख, 20 लाख एवं 10 लाख रुपए की इनामी राशि को बढ़ाकर क्रमश: 1 करोड़ रुपए, 60 लाख रुपए एवं 30 लाख रुपए करने की भी उन्होंने बजट में घोषणा की थी।
  • खेलों को बढ़ावा देने के लिये राज्य में पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न पॉलिसी के आधार पर राजकीय सेवाओं में नियुक्तियाँ दी जा रही हैं। 
    • टोक्यो पैरालंपिक खेलों में मेडल जीतने वाले तीनों खिलाड़ी अवनि लाखेरा, देवेंद्र झाझरिया तथा सुंदर गुर्जर को राज्य सरकार ने आउट ऑफ टर्न आधार पर वन विभाग में सहायक वन संरक्षक के रूप में नियुक्ति प्रदान की है।