शरद महोत्सव-2021 | 30 Dec 2021

चर्चा में क्यों?

29 दिसंबर, 2021 को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आबू पर्वत नगर पालिका के शरद महोत्सव-2021 का उद्घाटन किया।

प्रमुख बिंदु

  • इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने माउण्ट आबू की प्रसिद्ध नक्की झील पर गांधी वाटिका में गांधीजी की प्रतिमा का अनावरण तथा महात्मा गांधी पुस्तकालय का उद्घाटन किया और झील के किचन गार्डन पर पार्किंग एवं टेरेस गार्डन का शिलान्यास भी किया। 
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि माउण्ट आबू राजस्थान का एक मात्र हिल स्टेशन है। पर्यटन के क्षेत्र में राजस्थान की देश और दुनिया में अनूठी पहचान है। यहाँ की मनभावन संस्कृति, किलों, महलों, बावड़ियों तथा वाइल्ड लाइफ, डेजर्ट आदि से जुड़े आकर्षक स्थलों को देखने बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक आते हैं। 
  • उन्होंने कहा कि राजस्थान को पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊँचाईयों तक पहुँचाने के लिये पहली बार 500 करोड़ रुपए का पर्यटन विकास कोष बनाया गया है। इस कोष से पर्यटक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विकास, उनके संरक्षण तथा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मज़बूत ब्रॉन्डिंग जैसे कार्य किये जाएंगे। 
  • पयर्टन मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिये राजस्थान को इंडिया टूडे टूरिज़्म अवार्ड 2021 में बेस्ट आईकोनिक लैंडस्केप डेस्टीनेशन अवार्ड, बेस्ट फेस्टीवल डेस्टीनेशन अवार्ड और ट्रेवल एंड लीजर इंडियाज बेस्ट अवार्डस् 2021 में सर्वश्रेष्ठ राज्य के साथ सर्वश्रेष्ठ वेडिंग डेस्टीनेशन अवार्ड और कोंडेनास्ट ट्रेवलर अवार्ड-2021 में बेस्ट इंडियन स्टेट फॉर रोड ट्रिप एवं रनरअप बेस्ट लेज़र डेस्टिनेशन अवार्ड मिले हैं।