छत्तीसगढ़ के प्रत्येक ज़िले में आत्मानंद हिन्दी स्कूल खोलेगा | 17 Feb 2022

चर्चा में क्यों?

16 फरवरी, 2022 को छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वामी आत्मानंद सरकारी अंग्रेज़ी माध्यम स्कूलों की लोकप्रियता के बाद, प्रत्येक ज़िले में कम से कम एक हिन्दी माध्यम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने का निर्णय लिया।

प्रमुख बिंदु

  • आगामी शैक्षणिक सत्र से हिन्दी माध्यम के कुल 32 नए स्कूल अस्तित्व में आएंगे। निर्धारित स्कूलों के भवनों का नवीनीकरण किया जाएगा और स्कूलों को गुणात्मक के साथ सौंदर्य की दृष्टि से भी विकसित किया जाएगा।
  • स्वामी आत्मानंद के नाम पर स्कूलों को बहुउद्देशीय स्कूलों में अपग्रेड किया जाएगा।
  • ज्ञातव्य है कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 74 हज़ार छात्रों के साथ 171 अंग्रेज़ी माध्यम के स्कूल चल रहे हैं। जिसमें राज्य की राजधानी रायपुर में में ऐसे कुल तीन अंग्रेज़ी स्कूल शुरू किये गए हैं। इन विद्यालयों की स्थापना एक बड़ी सफलता सिद्ध हुई। पहले रायपुर के आरडी तिवारी स्कूल (हिन्दी) में केवल 57 बच्चे पढ़ रहे थे, लेकिन इसे स्वामी आत्मानंद सरकारी अंग्रेज़ी माध्यम स्कूल के रूप में अपग्रेड करने के बाद, इसमें 1,000 छात्र हैं।
  • इन स्कूलों में दाखिल बच्चे आर्थिक रूप से कमज़ोर परिवारों से हैं। छात्रों की फीस, किताबें और यूनिफॉर्म का पूरा खर्च सरकार वहन करती है।