झारखंड की अस्मिता दोरजी ने दुनिया के आठवें सबसे ऊँचे पर्वत ‘मनास्लु’ को किया फतह | 11 Oct 2022

चर्चा में क्यों?

10 अक्टूबर, 2022 को झारखंड की अस्मिता दोरजी ने बिना ऑक्सीजन सप्लीमेंट के नेपाल स्थित दुनिया के आठवें सबसे ऊँचे पर्वत ‘मनास्लु’को फतह कर इतिहास रचा है।

प्रमुख बिंदु

  • नेपाल सरकार द्वारा मनास्लु समिट का आयोजन किया गया था, जिसमें अस्मिता दोरजी ने बिना ऑक्सीजन सप्लीमेंट के 8163 मीटर ऊँचे पर्वत ‘मनास्लु’को फतह किया है। अस्मिता दोरजी ने लगभग 26 दिन की कठिन चढ़ाई के बाद इस समिट को पूरा किया।
  • अस्मिता दोरजी से मात्र चार घंटे पहले हिमाचल की बलजीत कौर ने बिना ऑक्सीजन के इस समिट को पूरा किया था।
  • उल्लेखनीय है कि अस्मिता दोरजी झारखंड के जमशेदपुर के सोनारी कदमा लिंक रोड की रहने वाली हैं और वह वर्तमान में टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (टीएसएएफ) की सीनियर इंस्ट्रक्टर के पद पर कार्यरत् हैं।
  • ज्ञातव्य है कि मनास्लु (जो कुतंग भी कहलाता है) पृथ्वी का आठवाँ सबसे ऊँचा पर्वत है। यह 8,163 मीटर ऊँचा पर्वत मध्योत्तर नेपाल के गोरखा ज़िले में स्थित है।
  • विदित है कि अस्मिता इससे पहले माउंट एवरेस्ट जैसे अभियान पर बिना ऑक्सीजन सप्लीमेंट के जा चुकी हैं, लेकिन वह एवरेस्ट समिट को पूरा नहीं कर सकी थीं। उन्होंने एवरेस्ट एक्सपीडिशन के दौरान 8749 मीटर तक की ऊँचाई को बिना ऑक्सीजन सप्लीमेंट के पूरा किया था।