उत्तर प्रदेश विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति | 24 Mar 2022

चर्चा में क्यों

23 मार्च, 2022 को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर के रूप में रमापति शास्त्री की नियुक्ति की।

प्रमुख बिंदु 

  • हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में गोंडा की मनकापुर विधानसभा सीट से निर्वाचित होने वाले रमापति शास्त्री सदन के  वरिष्ठतम सदस्यों में से एक हैं।
  • रमापति शास्त्री उत्तर प्रदेश की सरकार में जून 1991 से दिसंबर 1992, सितंबर 1997 से नवंबर 1999 तथा मार्च 2017 से वर्तमान तक तीन बार मंत्री रह चुके हैं।
  • उल्लेखनीय है कि जब पिछली विधानसभा का अध्यक्ष नवनिर्वाचित विधानसभा की पहली बैठक से ठीक पहले अपना पद खाली कर देता है, तो राज्यपाल विधानसभा के एक सदस्य को प्रोटेम स्पीकर के रूप में नियुक्त करता है, जो कि सामान्यत: सदन का सबसे वरिष्ठ सदस्य होता है।
  • इसका प्रमुख कार्य नए सदस्यों को शपथ दिलाना और सदन को नए अध्यक्ष का चुनाव करने में सक्षम बनाना है।
  • जब सदन द्वारा नए अध्यक्ष का चुनाव कर लिया जाता है, तब प्रोटेम स्पीकर का कार्यकाल समाप्त हो जाता है।