झारखंड उच्च न्यायालय में 4 नये न्यायाधीशों की नियुक्ति | 09 Oct 2021

चर्चा में क्यों?

8 अक्टूबर, 2021 को झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डॉ. रविरंजन ने चार नये जजों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

प्रमुख बिंदु

  • इन नवनियुक्त न्यायाधीशों में शामिल हैं- अंबुज नाथ, गौतम कुमार चौधरी, नवनीत कुमार एवं संजय प्रसाद।
  • विदित है कि सर्वोच्च न्यायालय कॉलेजियम के द्वारा केंद्र सरकार को झारखंड उच्च न्यायालय में नियुक्ति के लिये 5 जजों के नामों की सिफारिश की गई थी, किंतु केंद्र सरकार के द्वारा चार नामों को ही स्वीकृति प्रदान की गई
  • झारखंड उच्च न्यायालय में जजों के कुल स्वीकृत पद 25 हैं, किंतु इन नई नियुक्तियों के बाद भी जजों की कुल पदस्थापित संख्या वर्तमान में केवल 19 है। 
  • ध्यातव्य है कि झारखंड राज्य निर्माण के पूर्व सर्वप्रथम 6 मार्च, 1972 को राँची में पटना उच्च न्यायालय के सर्किट बेंच की स्थापना की गई थी, जिसे 1976 में एक स्थायी बेंच का दर्ज़ा प्राप्त हुआ, किंतु वर्तमान रूप में झारखंड उच्च न्यायालय 15 नवंबर, 2000 को अस्तित्व में आया, जब बिहार राज्य का पुनर्गठन किया गया और एक नये राज्य झारखंड का उदय हुआ।