सीकर, अलवर, नागौर, भरतपुर एवं अजमेर में खोले जाएंगे पशुपालक प्रशिक्षण केंद्र | 13 Mar 2023

चर्चा में क्यों?

12 मार्च, 2023 को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पशुपालकों को नवीन तकनीकों का प्रशिक्षण दिलाने के लिये राज्य के अलवर, नागौर, भरतपुर, सीकर एवं अजमेर में पशुपालक प्रशिक्षण केंद्र खोलने और आवश्यक संसाधनों हेतु 18 करोड़ रुपए की मंज़ूरी प्रदान की है।

प्रमुख बिंदु 

  • प्रस्ताव के अनुसार, राज्य के इन प्रत्येक प्रशिक्षण संस्थान पर हर महीने 30-30 पशुपालकों के 3 बैच होंगे। इस प्रकार एक वर्ष में कुल 36 बैच आयोजित कर 1080 पशुपालकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इस तरह सभी पाँचों केंद्रों में प्रतिवर्ष 5400 पशुपालकों को प्रशिक्षण मिलेगा।
  • राज्य सरकार द्वारा पशुपालकों के सर्वांगीण विकास की दिशा में विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। प्रशिक्षण केंद्रों से उन्नत एवं समृद्ध पशुपालन की दिशा में बेहतर कार्य होंगे और रोज़गार के अवसर भी बढ़ेंगे।
  • उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा बजट वर्ष 2023-24 में पाँच ज़िलों में पशुपालक प्रशिक्षण केंद्र खोलने की घोषणा की गई थी।