आंध्र प्रदेश भारत का पहला क्वांटम कंप्यूटर लॉन्च करेगा | 03 Apr 2026
चर्चा में क्यों?
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि राज्य 14 अप्रैल, 2026 को भारत का पहला क्वांटम कंप्यूटर लॉन्च करेगा।
मुख्य बिंदु:
- लॉन्च: भारत का पहला क्वांटम कंप्यूटर आंध्र प्रदेश के अमरावती में लॉन्च किया जाना निर्धारित है।
- यह पहल व्यापक अमरावती क्वांटम वैली (AQV) परियोजना का हिस्सा है।
- यह लॉन्च भारत के राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के अनुरूप है।
- वैश्विक महत्त्वाकांक्षा: AQV के माध्यम से वर्ष 2030 तक आंध्र प्रदेश को वैश्विक स्तर पर शीर्ष पाँच क्वांटम प्रौद्योगिकी केंद्रों में शामिल करने का लक्ष्य है।
- उद्देश्य: राज्य का लक्ष्य क्रायोजेनिक्स, फोटोनिक्स, उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स और क्वांटम उपकरणों सहित प्रमुख प्रौद्योगिकियों का स्थानीय स्तर पर विकास कर आयात पर निर्भरता को कम करना है।
- केवल आयातित घटकों के संयोजन के बजाय डिज़ाइन, नवाचार, परीक्षण और पूर्ण प्रणाली विकास सहित समग्र क्षमताओं के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
- प्रौद्योगिकी एकीकरण: यह पहल कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रियल-टाइम डेटा सिस्टम और डिजिटल स्वास्थ्य प्लेटफॉर्म जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों के एकीकरण पर केंद्रित है, ताकि शासन एवं सेवा वितरण में नवाचार तथा दक्षता को बढ़ाया जा सके।
- राज्य विभिन्न क्षेत्रों में शासन को सुदृढ़ करने और सार्वजनिक सेवा वितरण में सुधार हेतु AI डॉक्टर, AI ट्यूटर और AI कृषि विशेषज्ञ (एग्रोनोमिस्ट) जैसी सेवाओं की योजना बना रहा है।
|
और पढ़ें: अमरावती क्वांटम वैली, राष्ट्रीय क्वांटम मिशन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता |