‘ऐपण महोत्सव’ का हुआ शुभारंभ | 16 Oct 2023

चर्चा में क्यों?

15 अक्तूबर, 2023 को हरिद्वार बाईपास स्थित उत्तराखंड संस्कृति साहित्य कला परिषद के सभागार में लोक संस्कृति ऐपण कला को बढ़ावा देने के लिये उत्तराखंड की संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की ओर से ‘ऐपण महोत्सव’ का शुभारंभ किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • महोत्सव के शुभारंभ पर वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से 15 अक्तूबर से 12 नवंबर को दीपावली तक ऐपण महोत्सव मनाने का आह्वान किया और कहा कि सामूहिक प्रयास से ऐपण कला को वैश्विक पटल पर पहचान मिलेगी।
  • वीडियो संदेश में सीएम ने कहा कि ऐपण कला लोक संस्कृति की विधा है। परिवार की सुख-समृद्धि के लिये घर की दीवारों और देहरियों पर ऐपण बनाया जाता है।
  • राज्य सरकार का प्रयास है कि इस कला को देश-दुनिया तक पहुँचाया जाए। इसके लिये सामूहिक प्रयास से ऐपण को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने आह्वान किया कि दीपावली तक ऐपण हर घर का हिस्सा बने। इसके लिये लोग अपने घरों पर ऐपण बनाकर परिवार के साथ सेल्फी को सोशल मीडिया पर अपलोड करें।
  • संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने कहा कि दीपावली तक पूरे प्रदेश में ऐपण महोत्सव मनाया जाएगा। उत्तराखंड की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिये युवा पीढ़ी भी अपनी गढ़वाल, कुमाऊँनी, जौनसारी बोली को बोले। युवाओं को ऐपण कला से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।