‘आपका विश्वास-हमारा प्रयास’ प्रदर्शनी | 20 Dec 2021

चर्चा में क्यों?

18 दिसंबर, 2021 को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जवाहर कला केंद्र में ‘सेवा ही धर्म-सेवा ही कर्म’के संकल्प के साथ राज्य सरकार की तीन वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित चार दिवसीय प्रदर्शनी ‘आपका विश्वास-हमारा प्रयास’का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु 

  • प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों के साथ ही विभिन्न उपलब्धियों से जुड़े साहित्य तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की पत्रिका ‘सुजस’ के संयुक्तांक एवं राजस्थान आवासन मंडल की उपलब्धियों पर आधारित फोल्डर का विमोचन भी किया।
  • मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की 21 स्टॉल्स पर जाकर उनका अवलोकन किया। विभिन्न विभागों की स्टॉल्स पर उन्होंने संबंधित विभाग की उपलब्धियों, कार्यक्रमों एवं योजनाओं की जानकारी ली।
  • उन्होंने दिव्यांगों को स्कूटी की चाबी, ट्राईसाइकिल एवं व्हीलचेयर भेंट की। गृह विभाग की स्टॉल पर मुख्यमंत्री ग्राम रक्षक, पुलिस मित्र एवं पुलिस सखी से मिले और उनकी हौसला अफजाई की। जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग की स्टॉल पर उन्होंने ‘नागौर लिफ्ट परियोजना’के मॉडल का अवलोकन किया। वन विभाग की स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने ‘घर-घर औषधि योजना’के तहत किये जा रहे औषधीय पौधों के वितरण की जानकारी ली। 
  • इसी तरह मुख्यमंत्री ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की स्टॉल पर राज्य सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों का डिजिटल प्रस्तुतीकरण देखा।