‘आओ एक आंगनबाड़ी गोद लें’ | 12 Jan 2022

चर्चा में क्यों?

11 जनवरी, 2022 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ‘आओ एक आंगनबाड़ी गोद लें’का संदेश पूरे प्रदेश में प्रसारित करने के निर्देश दिये।

प्रमुख बिंदु 

  • उन्होंने कहा वे भी भोपाल में एक आंगनबाड़ी गोद लेंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ताओं को अच्छा कार्य करने के लिये प्रेरित करें। इसके साथ ही घोषणा की कि जिन आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ताओं की मृत्यु हुई है, उनके परिजनों को अनुग्रह राशि दी जाएगी। 
  • उन्होंने कहा कि बाल-विकास और बाल-संरक्षण एवं महिला सशक्तीकरण के लिये बेहतर ढंग से कार्य करें। आंगनबाड़ी सेवाएँ एवं पोषण अभियान में अच्छा कार्य हो।
  • उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में जन्म के समय लिंगानुपात 956 है, जो भारत के लिंगानुपात 929 से अधिक है। 
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडली लक्ष्मी छात्रवृत्ति का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाए। लाडली लक्ष्मी 2.0 पोर्टल का विकास एवं उन्नयन करें तथा चाइल्ड बजटिंग पर योजना बनाकर गंभीरता से कार्य हो।
  • बाल देख-रेख संस्थाओं में निवासरत बच्चों का परिवारों में पुनर्वास करने की पहल हो। बच्चों को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिये पूरी मदद करें। क्षमता के अनुसार बच्चों को आगे बढ़ाएँ। पढ़ाई की अच्छी सुविधाएँ दी जाएँ।