उदयपुर में 9वाँ सीपीए भारत क्षेत्र सम्मेलन प्रारंभ | 22 Aug 2023

चर्चा में क्यों?

21 अगस्त, 2023 को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह सहित अन्य अतिथियों ने राष्ट्रमंडल ससदीय संघ (सीपीए) का 9वाँ भारत क्षेत्र सम्मेलन का झीलों की नगरी उदयपुर में दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।  

प्रमुख बिंदु 

  • सम्मेलन में लोकतांत्रिक संस्थाओं की मज़बूती, जनप्रतिनिधियों को अधिक उत्तरदायी बनाने, डिजिटल सशक्तीकरण से गुड गवर्नेंस जैसे महत्त्वपूर्ण बिंदुओं पर मंथन प्रारंभ हुआ। 
  • सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने बताया कि वर्ष 1911 में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की स्थापना हुई थी, तब इसमें 57 देश थे। इसके बाद निरंतर इसका विस्तार होता गया। इस संघ ने लोकतांत्रिक संस्थाओं को सुदृढ़ करने में अभूतपूर्व योगदान दिया है।  
  • सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सीपीए इंडिया लोकतांत्रिक प्रणाली की मज़बूती के लिये विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर विचारों और नवाचारों से लोक कल्याण की दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।  
  • सम्मेलन के ज़रिये विशेषज्ञों के विचारों से जनप्रतिनिधियों का ज्ञानवर्द्धन होगा, जिससे लोकतंत्र और सुशासन अधिक मज़बूत होगा।  
  • राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) का मुख्य उद्देश्य प्रजातंत्र को सुदृढ़ बनाना है। इसके माध्यम से संसद प्रमुख तथा विभिन्न राज्यों की विधायिका के प्रमुख, जनप्रतिनिधिगण आदि मिलकर लोकतंत्र की मज़बूती के लिये मंथन करते हैं। कॉमन नीति बनाकर उस पर अमल करते हैं, इससे लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने में मदद मिलती है।  
  • सीपीए के माध्यम से मंथन होगा कि सदन को कैसे सुगमतापूर्वक चलाया जाए, ताकि आमजन के हितों के मुताबिक नीति-नियमों को निर्धारित किया जा सके। 
  • समारोह में अतिथियों ने राजस्थान विधानसभा में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा द्वारा आयोजित किये गए विविध कार्यक्रमों और कार्यशालाओं पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया।  
  • इसी प्रकार कार्यक्रम में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा के कार्यक्रमों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया।