हरियाणा की 94 वर्षीय भगवानी देवी ने वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप, 2022 में स्वर्ण सहित जीते 3 पदक | 12 Jul 2022

चर्चा में क्यों?

10 जुलाई, 2022 को फिनलैंड के टांपरे में आयोजित वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप, 2022 में हरियाणा की 94 वर्षीय भगवानी देवी डागर ने स्वर्ण सहित 3 पदक जीते।

प्रमुख बिंदु

  • भगवानी देवी डागर ने वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सीनियर सिटीज़न कैटेगिरी में 100 मीटर स्प्रिंट इवेंट में महज 74 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता, वहीं शॉटपुट में भी दो कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं।
  • उल्लेखनीय है कि भगवानी देवी इससे पहले भी कई पदक जीत चुकी हैं। इन्होंने चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किये थे, जिसके बाद उन्हें वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप, 2022 के लिये क्वालीफाई किया गया था।
  • गौरतलब है कि वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप की शुरुआत 1975 में की गई थी। इस चैंपियनशिप में 35 साल से ऊपर आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। शुरुआत में केवल 5 एज ग्रुप को शामिल किया गया था, लेकिन अब 12 एज ग्रुप में स्पोर्ट्स इवेंट्स आयोजित कराए जाते हैं।
  • पहला एज ग्रुप 35 साल से ऊपर आयु वर्ग का है। दूसरा 40 साल से ऊपर, तीसरा 45 साल से ऊपर, चौथा 50 साल से ऊपर, 5वाँ 55 साल से ऊपर, 6वाँ 60 साल से ऊपर, 7वाँ 65 से ऊपर, 8वाँ 70 साल से ऊपर, 9वाँ 75 साल से ऊपर, 10वाँ 80 साल से ऊपर, 11वाँ 85 साल से ऊपर और 12वाँ 90 साल से ऊपर का है।