राष्ट्रीय बालिका दिवस पर 86 बेटियों को किया जाएगा पुरस्कृत | 21 Jan 2023

चर्चा में क्यों?

19 जनवरी, 2023 को हरियाणा की महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने चंडीगढ़ स्थित सिविल सचिवालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में बताया कि हर साल 24 जनवरी को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय बालिका दिवस पर प्रदेश में 86 बेटियों को 6 लाख 24 हज़ार 9 सौ रुपए की राशि एवं प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु 

  • राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा बेटियों के कल्याणार्थ चलाई गई विभिन्न योजनाओं के फलस्वरूप उन्हें आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिल रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप न केवल देश बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बेटियों ने भी अनेक उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। ऐसे में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल करने वाली बालिकाओं को प्रशंसा-पत्र व इनामी राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
  • उन्होंने बताया कि खेलकूद, शिक्षा, सांस्कृतिक, सामाजिक कार्यों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने पर बालिकाओं को 11-11 हज़ार रुपए की राशि व बालिकाओं की राज्य स्तर पर हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को 5100, 2100 तथा 1100 रुपए की राशि और प्रशंसा-पत्र दिये जाएंगे।