64वीं राष्ट्रीय शूटिंग (रायफल) चैंपियनशिप-2021 का शुभारंभ | 25 Nov 2021

चर्चा में क्यों?

25 नवंबर, 2021 को मध्य प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्रीयशोधरा राजे सिंधिया और मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस ने 64वीं राष्ट्रीय शूटिंग (रायफल) चैंपियनशिप का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस प्रतियोगिता का आयोजन मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी, बिसनखेड़ी (गोरागांव), भोपाल में खेल और युवा कल्याण विभाग तथा भारतीय राष्ट्रीय रायफल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। 
  • चैंपियनशिप में 10 मीटर और 50 मीटर के मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में रायफल के पुरुष खिलाड़ियों की संख्या 2202 तथा महिला खिलाड़ियों की संख्या 1301 है। चैंपियनशिप में 18 साल से कम पुरुष खिलाड़ियों की संख्या 706 तथा महिला खिलाड़ियों की संख्या 504 है।
  • चैंपियनशिप में ओलंपिक और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भागीदारी कर रहे हैं। इनमें 6 अर्जुन अवार्डी भी शामिल हैं। इसमें देश की कुल 41 यूनिट के खिलाड़ी शामिल हैं।
  • इस चैंपियनशिप से शीर्ष 8 खिलाड़ियों को चुना जाएगा, जो राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। 
  • प्रतियोगिता में मेज़बान मध्य प्रदेश का 256 सदस्यीय दल भागीदारी कर रहा है। सबसे बड़ा दल महाराष्ट्र का (518 सदस्य) है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से 440, राजस्थान 368, हरियाणा 344 और पंजाब से 221 खिलाड़ी हिस्सेदारी कर रहे हैं। चैंपियनशिप में 70 स्वर्ण पदक दाँव पर होंगे।
  • मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी पूर्णत: वातानुकूलित है तथा अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता को दृष्टिगत रखते हुए तैयार की गई है। इसमें 50 मीटर की 60 लेन, 10 मी. की 70 लेन और 25 मी. की 50 लेन हैं। वही ट्रैप शूटिंग की 3 लेन तैयार की गई हैं। 
  • मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी, भोपाल में 50 मीटर शूटिंग रेंज और ट्रैप एंड स्कीट की तीन रेंज निर्मित की गई हैं। 50 मीटर रेंज में 50 लेन बनाई गई हैं। यह विश्वस्तरीय शूटिंग रेंज है और इसे हाई परफार्मेंस सेंटर के रूप में विकसित किया गया है।