तीसरा राष्ट्रीय जल पुरस्कार : उत्तर प्रदेश सर्वश्रेष्ठ राज्य | 30 Mar 2022

चर्चा में क्यों

29 मार्च, 2022 को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने विज्ञान भवन, नई दिल्ली में तीसरे राष्ट्रीय जल पुरस्कार वितरण समारोह में जल संरक्षण की दिशा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिये ‘सर्वश्रेष्ठ राज्य’ श्रेणी में उत्तर प्रदेश को पहला पुरस्कार प्रदान किया। 

प्रमुख बिंदु 

  • राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने तीसरे राष्ट्रीय जल पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करने के साथ ही जल शक्ति अभियान: कैच द रेन कैंपेन 2022 का शुभारंभ किया।
  • इस अवसर पर भारत के अंतर्राष्ट्रीय जल संसाधन कार्यक्रम ‘इंडिया वाटर वीक-2022’ (आईडब्ल्यूडब्ल्यू- 2022) के 7वें संस्करण की प्रथम सूचना विवरणिका जारी की गई। इसका आयोजन 1-5 नवंबर, 2022 को इंडिया एक्सपो सेंटर, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा।
  • जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग द्वारा राज्यों, संगठनों, व्यक्तियों आदि को 11 अलग-अलग श्रेणियों में 57 पुरस्कार दिये गए। 
  • इन श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ राज्य, सर्वश्रेष्ठ ज़िला, सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत, सर्वश्रेष्ठ शहरी स्थानीय निकाय, सर्वश्रेष्ठ मीडिया (प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक), सर्वश्रेष्ठ स्कूल, सर्वश्रेष्ठ संस्थान/आरडब्ल्यूए/कैंपस उपयोग के लिये धार्मिक संगठन, सर्वश्रेष्ठ उद्योग, सर्वश्रेष्ठ एनजीओ, सर्वश्रेष्ठ जल उपयोगकर्त्ता संघ और सीएसआर गतिविधि के लिये सर्वश्रेष्ठ उद्योग शामिल हैं। 
  • इनमें से कुछ श्रेणियों में देश के विभिन्न क्षेत्रों के लिये उप-श्रेणियाँ भी हैं। विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र, ट्रॉफी और नकद पुरस्कार दिया गया।
  • राजस्थान और तमिलनाडु को ‘सर्वश्रेष्ठ राज्य’ श्रेणी में क्रमश: दूसरा और तीसरा पुरस्कार मिला है।
  • उल्लेखनीय है कि जल शक्ति मंत्रालय द्वारा पहला राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2018 में शुरू किया गया था। जल आंदोलन को जन आंदोलन में बदलने के लिये 2019 में जल शक्ति अभियान और जल जीवन मिशन शुरू किया गया था, जिसमें कई पुनर्भरण संरचनाएँ बनाई गईं और इसमें करोड़ों लोग शामिल हुए। 
  • जल शक्ति अभियान-II: ‘कैच द रेन, ह्वेयर इट फॉल्स, व्हेन इट फॉल्स’को प्रधानमंत्री द्वारा 22 मार्च, 2021 को विश्व जल दिवस के अवसर पर शुरू किया गया था, जिसे प्री-मानसून और मानसून अवधि, यानी मार्च 2021 से 30 नवंबर, 2021 के दौरान देश के सभी ज़िलों (ग्रामीण और साथ ही शहरी क्षेत्रों) में चलाया गया था। 
  • जल शक्ति अभियान: कैच द रेन 2022 में कुछ नई विशेषताएँ जोड़ी गई हैं, जैसे- स्प्रिंग शेड विकास, जलग्रहण क्षेत्रों की सुरक्षा, जल क्षेत्र में लैंगिक मुख्यधारा। जल क्षेत्र में लैंगिक मुख्यधारा शामिल किये जाने से जल संरक्षण और प्रबंधन में महिलाओं की भूमिका को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।