राष्ट्रीय खेल सम्मान से अलंकृत होंगे मध्य प्रदेश के 3 खिलाड़ी और 1 प्रशिक्षक | 22 Dec 2023

चर्चा में क्यों

20 दिसंबर, 2023 को केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2023 की घोषणा की, जिसमें मध्य प्रदेश के तीन खिलाड़ियों का चयन अर्जुन अवार्ड के लिए और एक प्रशिक्षक का चयन द्रोणाचार्य पुरूस्कार के लिए किया गया है।

प्रमुख बिंदु

  • राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु 9 जनवरी, 2024 को राष्ट्रपति भवन में खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरूस्कार से सम्मानित करेंगी।
  • विदित हो कि पहली बार मध्य प्रदेश के तीन खिलाड़ियों और एक प्रशिक्षक को राष्ट्रीय खेल सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
  • मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के ओलंपिक खिलाड़ी एश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, पेरा कनोइंग की प्राची यादव और मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी की पूर्व खिलाड़ी और वर्तमान में हॉकी इंडिया की स्टार प्लेयर सुशीला चानू को राष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ठ खेल पुरूस्कार अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। भारतीय हॉकी टीम के कोच शिवेंद्र सिंह को द्रोणाचार्य पुरूस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
  • एश्वर्य प्रताप सिंह तोमर – मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के स्टार शूटर एश्वर्य इस वर्ष संपन्न हुए एशियन गेम्स में सबसे सफल भारतीय एथलीट थे। उन्होंने एशियन गेम्स में दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। साथ ही एश्वर्य प्रताप सिंह ने वर्ल्ड रिकार्ड अपने नाम किया और 50 मी. रायफल थ्री पॉजीशन पुरूष एकल इवेंट में रजत पदक जीता।
  • प्राची यादव – मध्य प्रदेश की पेरा केनो प्राची यादव ने हाल ही में आईसीएफ स्प्रिंट एंड पेरा केनो वर्ल्ड चैंपियनशिप, जर्मनी में चौथा स्थान प्राप्त कर पेरिस पेरा ओलंपिक के लिये क्वालिफाई किया। प्राची भारत की पहली एथलीट है जिन्होंने पेरिस पेरा ओलंपिक के लिये कोटा हासिल किया है।
  • सुशीला चानू – मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर की पहले बैच की उत्कृष्ठ खिलाड़ी सुशीला ने कई उपलब्धियाँ हासिल की है। जर्मनी में हुए विमेंस हॉकी जूनियर वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने सुशीला की कप्तानी में कांस्य पदक हासिल किया था। 2014 एशियन गेम्स में उन्होंने भारतीय टीम को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। 2016 रियो ओलंपिक में सुशीला भारतीय टीम की कप्तान थी।
  • शिवेंद्र सिंह – मध्य प्रदेश के शिवेंद्र सिंह वर्तमान में भारतीय हॉकी टीम के कोचिंग स्टाफ में शामिल है। उन्होंने लगभग 160 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले खेले है और लगभग 80 गोल अपने नाम किये है।