बिजली उपभोक्ताओं को इस वर्ष दी जाएगी 22 हज़ार करोड़ रुपए की सब्सिडी | 02 Feb 2023

चर्चा में क्यों?

1 फरवरी, 2023 को मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया है कि विगत वर्ष बिजली उपभोक्ताओं को 21 हज़ार 306 करोड़ रुपए की सब्सिडी दी गई थी। इस वर्ष यह राशि 22 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक होना अपेक्षित है।

प्रमुख बिंदु 

  • ऊर्जा मंत्री तोमर ने बताया है कि ‘अटल गृह ज्योति योजना’में घरेलू उपभोक्ताओं को 100 यूनिट बिजली के उपयोग पर 654 रुपए के स्थान पर मात्र 100 रुपए का बिल दिया जा रहा है। शेष राशि राज्य शासन द्वारा सब्सिडी के रूप में दी जा रही है। योजना में लगभग 88 लाख बिजली उपभोक्ता प्रतिमाह लाभान्वित हो रहे हैं।
  • प्रदेश में 5 हॉर्स पॉवर तक के कृषि उपभोक्ताओं को 51 हज़ार 896 रुपए वार्षिक बिल के स्थान पर मात्र 3 हज़ार 750 रुपए का बिल दिया जा रहा है। यह कुल राशि का मात्र 7 प्रतिशत है। शेष राशि राज्य शासन द्वारा सब्सिडी के रूप में कंपनियों को दी जा रही है।
  • इसी तरह अनुसूचित-जाति एवं अनुसूचित-जनजाति के एक हेक्टेयर तक की भूमि वाले एवं 5 हॉर्स पॉवर भार के कृषि उपभोक्ताओें को नि:शुल्क बिजली दी जा रही है। इस योजना में लगभग 9 लाख 34 हज़ार उपभोक्ता प्रतिमाह लाभान्वित हो रहे हैं।