21वाँ अखिल भारतीय अंतर कृषि विश्वविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता | 28 Feb 2023

चर्चा में क्यों?

27 फरवरी, 2023 को छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा हिसार (हरियाणा) में आयोजित 21वीं अखिल भारतीय अंतर कृषि विश्वविद्यालयीन खेल-कूद प्रतियोगिता में छठवाँ स्थान हासिल किया है।

प्रमुख बिंदु 

  • इस प्रतियोगिता में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं के अंतर्गत दो स्वर्ण, एक रजत तथा एक काँस्य पदक अर्जित किया।
  • इस प्रतियोगिता में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए कृषि महाविद्यालय रायपुर के एम.एस.सी. एग्रोनॉमी के छात्र विजय कुमार ने लंबी कूद स्पर्धा में तथा एम.एस.सी. कृषि मौसम विज्ञान विभाग के छात्र समीर कैमरों ने भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया।
  • इसी प्रकार लंबी कूद महिला स्पर्धा में कृषि महाविद्यालय बेमेतरा की छात्रा नीलावती नाग ने रजत पदक तथा 1500 मीटर दौड़ स्पर्धा में कृषि महाविद्यालय राजनांदगाँव के छात्र राजेश कुमार सोरी ने काँस्य पदक प्राप्त किया।
  • उल्लेखनीय है कि भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान द्वारा इस वर्ष हिसार (हरियाणा) में 20 से 24 फरवरी तक 21वीं अखिल भारतीय अंतर कृषि विश्वविद्यालयीन खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें देश भर के 66 कृषि विश्वविद्यालय की टीमें शामिल हुई थीं।