प्रदेश की 2 महिलाओं का दिल्ली में सम्मान | 25 Mar 2022

चर्चा में क्यों?

24 मार्च, 2022 को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में मज़दूरी से स्व-रोज़गार तक का सफर तय करने वाली ज़िला नर्मदापुरम की मीरा यादव और कुंता बाई यादव को सम्मानित किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • ये दोनों महिलाएँ महात्मा गांधी नरेगा में पहले मज़दूरी का काम करती थीं। स्व-सहायता समूह से जुड़ने एवं मनरेगा के प्रोजेक्ट उन्नति के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद दोनों ने डेयरी उत्पादन का कार्य प्रारंभ किया, जिससे अब दोनों को 10 हज़ार से 15 हज़ार रुपए तक मासिक आय हो रही है।
  • गौरतलब है कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आज़ादी के अमृत महोत्सव में समस्त राज्यों से प्रोजेक्ट उन्नति में प्रशिक्षित 75 प्रतिभागियों का चयन किया गया, जिसमें मध्य प्रदेश की ये दोनों महिलाएँ शामिल हैं।
  • प्रोजेक्ट उन्नति केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के मनरेगा डिवीज़न का एक कार्यक्रम है। इसे मनरेगा में काम कर रहे ग्रामीण परिवारों के सदस्यों को उनकी रुचि के आधार पर प्रशिक्षण देकर उन्हें रोज़गार एवं स्व-रोज़गार के काबिल बनाने के लिये शुरू किया गया है।