जल जीवन मिशन में 1142 जल-प्रदाय योजनाएँ और शामिल हुईं | 25 Jul 2022

चर्चा में क्यों?

24 जुलाई, 2022 को मध्य प्रदेश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जल जीवन मिशन में ग्रामीण नल-जल प्रदाय के लिये 608 करोड़ 55 लाख 87 हज़ार रुपए की लागत वाली 1142 ग्रामों के लिये एकल जल-प्रदाय योजनाओं की स्वीकृति जारी की।

प्रमुख बिंदु

  • जल-प्रदाय की इन एकल ग्राम योजनाओं में रेट्रोफिटिंग का कार्य भी शामिल है।
  • इन स्वीकृत जल-प्रदाय योजनाओं के कार्यों का लाभ नर्मदापुरम, रायसेन, बैतूल, उज्जैन, शाजापुर, रतलाम, देवास, धार, बड़वानी, ग्वालियर, गुना, दतिया, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, नरसिंहपुर, उमरिया और अनूपपुर की ग्रामीण आबादी को मिलेगा।
  • प्रस्तावित जल-प्रदाय योजनाओं के कार्य पूर्ण होने पर इन ज़िलों में निवासरत ग्रामीण परिवारों को उनके घर पर ही नल कनेक्शन से जल मुहैया करवाया जाएगा।
  • इस योजना के तहत प्रदेश के करीब 51 लाख 20 हज़ार ग्रामीण परिवारों को उनके घर में ही जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा चुकी है। इसी तरह 5 हज़ार 382 ग्राम ऐसे हैं, जिनके सभी परिवारों को पेयजल मुहैया करवाया गया है।
  • मिशन में 23 हज़ार 700 से अधिक ग्रामों की जल-प्रदाय योजनाओं का कार्य 70 से 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है और 7 हज़ार 300 से अधिक ग्रामों के लिये समूह और एकल जल-प्रदाय योजनाओं का कार्य शुरू किया जा रहा है।