प्रीलिम्स फैक्ट्स: 9 अक्तूबर, 2018

JIMEX- 2018
  • हाल ही में भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास (JIMEX-18) का तीसरा संस्करण विशाखापत्तनम, आंध्र प्रदेश में शुरू हुआ।

  • JIMEX-18 का उद्देश्य अंतःक्रियाशीलता (interoperability) को बढ़ाना, समझ में सुधार लाना और एक-दूसरे की सर्वोत्तम प्रथाओं को आत्मसात करना है।

  • JIMEX का पिछला संस्करण दिसंबर 2013 में चेन्नई में आयोजित किया गया था।

  • जापान भारतीय एवं अमेरिकी नौसेना के बीच मालाबार अभ्यास में भी नियमित रूप से भागीदार रहा है।

  • मालाबार-18 प्रशांत महासागर के गुआम द्वीप पर आयोजित किया गया था।


इंडिया स्किल्स 2018
  • विभिन्न कौशलों में सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा की पहचान करने, उसे बढ़ावा देने तथा पुरस्कृत करने के लिये कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी प्रतियोगिता का दूसरा संस्करण हाल ही में संपन्न हुआ।

  • इंडिया स्किल्स देश की सबसे बड़ी स्किल प्रतियोगिता है।

  • कई दिव्यांगों ने भी प्रतियोगिता में भाग लिया और विजयी प्रतिभागी चीन में आयोजित होने वाली विश्व स्तरीय एबिलम्पिक्स में भाग लेंगे। एबिलम्पिक्स (क्षमताओं का ओलंपिक) पेशेवर कौशल प्रतियोगिता होती है जिसे विशेष रूप से दिव्यांग व्यक्तियों के लिये डिज़ाइन किया गया है ताकि वे दुनिया के सामने अपनी अद्वितीय प्रतिभाओं को प्रदर्शित कर सकें।

  • 2019 में रूस के कज़ान में 45वें वर्ल्ड स्किल्स कंपटीशन में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिये भेजे जाने से पहले विभिन्न ट्रेड की प्रतियोगिता के कुछ विजेताओं को और उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा।


अंडमान और निकोबार कमांड
  • हाल ही में अंडमान और निकोबार कमांड ने अपना 18वाँ स्थापना दिवस मनाया है।
  • यह देश का एकमात्र संयुक्त त्रि-सेवा संचालन कमांड है।
  • संयुक्त त्रि-सेवा संचालन कमांड की स्थापना 2001 में अंडमान और निकोबार क्षेत्र में भारत के रणनीतिक हितों की रक्षा के उद्देश्य से की गई थी।

यह कमांड भारत के एक्ट ईस्ट नीति के हिस्से के रूप में पड़ोसी देशों के साथ नियमित अभ्यास करता रहा है।